ताजा खबर

पटना में कार की ड्राइविंग सीट पर मिला झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का शव, हत्या या आत्महत्या की जांच

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, October 3, 2026

पटना न्यूज डेस्क: पटना के राजीव नगर इलाके में शनिवार सुबह एक कार के अंदर झारखंड के रिटायर्ड इंजीनियर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोतिहारी के रहने वाले आलोक कुमार के रूप में हुई है। वह रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में रहते थे और सीसीएल में जनरल मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे। उनका शव फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित जमुना पैलेस के नीचे खड़ी कार में मिला।

आलोक कार की ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में थे और उनका सिर एक तरफ झुका हुआ था। उनकी कनपटी के पीछे गोली लगी थी, जबकि कार के गेट के पास जमीन पर एक पिस्टल भी मिली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े पांच बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। कार का ड्राइविंग सीट वाला दरवाजा खुला था और शीशा भी नीचे था।

शव की स्थिति और मौके से पिस्टल मिलने के कारण शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन परिवार के एक सदस्य ने हत्या की आशंका जताई है। परिजन विनोद कुमार के मुताबिक, उन्हें गार्ड ने फोन कर बताया था कि एक कार लावारिस हालत में खड़ी है। मौके पर पहुंचने पर कार के अंदर आलोक का शव मिला। उन्होंने बताया कि आलोक करीब तीन दिन पहले अपनी बहन से मिलने पटना आए थे और पहले भी कई बार यहां आ चुके थे।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लॉ एंड ऑर्डर एएसपी-2 सुषमा सागर ने बताया कि एफएसएल की टीम मौके पर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। परिवार के मुताबिक, आलोक का एक बच्चा है, जो विदेश में रहता है।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.