पटना न्यूज डेस्क: पटना के दानापुर में रविवार शाम आरपीएस मोड़ के पास दो बदमाशों ने पहले रैपिडो चालक और फिर एक नाबालिग लड़की को गोली मार दी। दोनों को एक-एक गोली लगी है और अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस को शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा होने का शक है। एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
बताया गया कि एसके पुरम की रहने वाली किशोरी शाम करीब पौने पांच बजे रैपिडो बाइक से घर लौट रही थी। आरपीएस मोड़ से आर्य समाज मंदिर रोड की ओर जाते समय दो बदमाशों ने बाइक को घेर लिया। लखनीबिगहा निवासी चालक राहुल के बाइक रोकने में थोड़ी देर हुई तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी कमर में लगी और बाइक समेत वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद किशोरी भागकर पास की एक टेलर की दुकान में जा छिपी।
किशोरी ने टेलर मास्टर सुधीर वर्मा से मदद की गुहार लगाई, लेकिन दोनों बदमाश पिस्तौल लहराते हुए दुकान में घुस गए। उन्होंने किशोरी को बाहर खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर एक बदमाश ने उसे गोली मार दी, जो उसके दाहिने कंधे में लगी। इसके बाद दोनों आरोपी आरपीएस मोड़ की ओर फरार हो गए। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों ने डर के कारण अपनी दुकानें बंद कर दीं।
घटना के बाद किशोरी ने टेलर के मोबाइल से परिजनों को फोन किया, जिसके बाद उसे राजा बाजार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, रैपिडो चालक को एम्स भेजा गया है। सूचना पर दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। टेलर मास्टर के मुताबिक, बदमाशों ने उसे धमकाते हुए कहा था कि लड़की को बाहर निकाल दो, वरना ठीक नहीं होगा। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वजह की जांच कर रही है।