पटना न्यूज डेस्क: पटना में एक महिला शिक्षिका की घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात कैलूचक मोहल्ले की बताई जा रही है। बुधवार सुबह परिजनों ने उन्हें घर के एक कमरे में बिस्तर पर मृत पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है।
मृतका की पहचान कैलूचक निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। वह पुनपुन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सहवाजपुर में सहायक शिक्षिका थीं। उनके पति ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता हैं। घटना के समय लक्ष्मी घर में अकेली थीं। पुलिस के मुताबिक, अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उनकी हत्या की। उनके बाएं कान पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
बुधवार सुबह पति ने कई बार लक्ष्मी को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। स्कूल से जानकारी लेने पर पता चला कि वह उस दिन विद्यालय भी नहीं पहुंची थीं। इसके बाद पति ने बेटे गौरव को घर जाकर देखने के लिए कहा। गौरव जब वहां पहुंचा तो मुख्य दरवाजा और दूसरे दरवाजे अंदर से बंद मिले। वह सीढ़ी के रास्ते चारदीवारी पार कर खिड़की तोड़कर अंदर पहुंचा, जहां उसकी मां बिस्तर पर पड़ी मिलीं। बाद में पुलिस अधिकारियों और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी नमूने जुटाए।
एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि महिला की धारदार हथियार से हत्या की गई है और घटना के कारण का अभी पता नहीं चला है। परिजनों की ओर से फिलहाल लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को पीएमसीएच भेज दिया है और मामले की जांच के लिए थानाध्यक्ष विवेक भारती के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य स्रोतों की मदद से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।