पटना न्यूज डेस्क: पटना पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर हाफ एनकाउंटर करते हुए कुख्यात अपराधी संदीप उर्फ बादल को गोली मारकर गिरफ्तार किया है। बादल पर हाल ही में भागवत नगर इलाके में एक सरकारी शिक्षक को गोली मारकर लूटपाट करने का आरोप है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
पुलिस को लूटकांड की जांच के दौरान दो संदिग्ध अपराधियों की जानकारी मिली थी। इसके बाद पटना पुलिस ने अगमकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में दोनों को घेर लिया। आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ बादल और प्रिंस कुमार के रूप में हुई। इसी दौरान बादल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसकी गोली पुलिस की गाड़ी में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें बादल के पैर में गोली लग गई।
पुलिस की कार्रवाई के बाद दूसरा आरोपी प्रिंस कुमार डर गया और मौके पर ही सरेंडर कर दिया। घायल बादल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल, 13 मई को भागवत नगर में सरकारी शिक्षक शंभू कुमार घर लौट रहे थे, तभी दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया था। आरोप है कि लूटपाट के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने शिक्षक को गोली मार दी थी। फिलहाल शिक्षक का अस्पताल में इलाज जारी है।
एनकाउंटर की सूचना मिलते ही पटना पूर्वी के सिटी एसपी परिचय कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से गोलियों के खोखे बरामद किए गए। वहीं पुलिस अब प्रिंस कुमार से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि बिहार के अलग-अलग जिलों में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।