पटना न्यूज डेस्क: बिहार की राजधानी पटना से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चौक थाना क्षेत्र के राजाराम लेन में एक सनकी पति ने अपनी तलाकशुदा पत्नी, दो मासूम बेटों और सास-ससुर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस हमले में पांचों लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान कन्हाई कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी पत्नी प्रिया कुमारी उर्फ मोनी को तलाक दे दिया था। तलाक के बाद प्रिया अपने मायके में रहने लगी थी और अपने साथ 10 वर्षीय आयुष कुमार तथा 3 वर्षीय सूरज कुमार को भी ले आई थी। इसी बात को लेकर आरोपी काफी नाराज चल रहा था।
बताया गया कि बुधवार को कन्हाई कुमार पेट्रोल से भरी बोतल लेकर ससुराल पहुंचा। उसने घर में घुसते ही पत्नी और दोनों बच्चों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब प्रिया के पिता पुरुषोत्तम अग्रवाल और मां नीलम अग्रवाल बचाने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल छिड़क दिया, जिससे वे भी आग की चपेट में आ गए। आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी-2 गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से पेट्रोल से भरी एक बोतल भी बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल सभी घायलों का एनएमसीएच में इलाज चल रहा है और इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है।