पटना न्यूज डेस्क: पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित आरपीएस लॉ कॉलेज रोड के होटल हाईडेन विला में छात्रा से छेड़छाड़ मामले की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात होटल में करीब दो घंटे तक डांस पार्टी चली थी। इस पार्टी में होटल के कर्मचारियों के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हरियाणा से आई युवतियां भी शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक अधिकांश लोग नशे की हालत में थे।
जांच में पता चला है कि होटल में रात करीब 10:30 बजे से 12:30 बजे तक तेज म्यूजिक और डांस पार्टी चल रही थी। पार्टी खत्म होने के बाद बाहर से आई युवतियों को होटल के अलग-अलग कमरों में ठहराया गया था। इनमें हरियाणा की एक युवती ब्यूटीशियन बताई जा रही है। हालांकि पुलिस अब तक यह पता नहीं लगा पाई है कि इन युवतियों को होटल में किसने बुलाया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार उसी रात होटल में एक बर्थडे पार्टी भी आयोजित की गई थी। आरोप है कि पार्टी खत्म होने के बाद नशे की हालत में होटल का एक कर्मचारी छात्रा के कमरे में घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। छात्रा अपने पिता के साथ होटल के कमरा नंबर 103 में रुकी हुई थी। रात करीब 12:48 बजे आरोपी कमरे में दाखिल हुआ और छात्रा को जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश करने लगा।
छात्रा की चीख सुनकर पिता की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपी का विरोध किया। बताया जा रहा है कि पिता ने घटना का वीडियो भी बना लिया था। बाद में डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस रात करीब 1:15 बजे होटल पहुंची। जांच के दौरान होटल से शराब की बोतलें और यौनवर्धक दवाएं भी बरामद हुई थीं, जबकि सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए थे। पुलिस अब होटल प्रबंधन और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।