पटना न्यूज डेस्क: पटना का शास्त्रीनगर, जिसे शहर के सबसे सुरक्षित और पॉश इलाकों में गिना जाता है, सोमवार सुबह अपराधियों के तांडव का गवाह बना। यहाँ के समनपुरा इलाके में बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहे एक नर्सिंग स्टाफ दंपति को अपना निशाना बनाया और पिस्टल के बल पर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। इस घटना ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित दंपति दामोदरम केपी और उनकी पत्नी अलया फातिमा सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपनी बाइक से नर्सिंग संस्थान ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान, विपरीत दिशा से आ रहे तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को जबरन रुकवाया। जैसे ही बाइक रुकी, एक बदमाश ने फातिमा के गले से सोने की चेन झपटना शुरू कर दिया। जब फातिमा ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी, जिससे वह डरकर सड़क पर गिर गईं।
इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने जब महिला की चीख सुनी, तो उन्होंने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन, एक बदमाश ने भीड़ पर भी पिस्टल लहरा दी, जिससे लोग डरकर पीछे हट गए। पूरी वारदात एक मिनट से भी कम समय में अंजाम दी गई और बदमाश हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी (मध्य) दीक्षा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया था। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।