पटना न्यूज डेस्क: पटना सिटी के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में मसाला व्यवसायी पिंटू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 16 वर्षीय नाबालिग शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हत्या के लिए 10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। यह सनसनीखेज वारदात गुरुवार देर शाम ब्लैक आउट के दौरान मुसल्लहपुर हाट इलाके में अंजाम दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश बेऊर जेल में बंद अपराधियों ने रची थी।
पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिंटू कुमार मसाले के कारोबार के साथ-साथ अवैध शराब कारोबार से भी जुड़ा था। जेल में बंद बिका उर्फ विकास इस बात से नाराज था कि उसके जेल जाने के बाद पिंटू ने संजय गोप के साथ काम करना शुरू कर दिया था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग शूटर पिछले 15 दिनों से पिंटू की दुकान के सामने मजदूरी कर रेकी कर रहा था और मौके की तलाश में था।
घटना वाले दिन पटना में मॉक ड्रिल के तहत शाम 7 बजे ब्लैक आउट किया गया था। पूरे इलाके में अंधेरा छा गया और इसी का फायदा उठाकर दो अपराधी पिंटू की दुकान तक पहुंचे। आरोपियों ने बेहद करीब से सिर पर गोली मारी। पिस्टल में साइलेंसर लगा होने के कारण गोली चलने की आवाज तक नहीं सुनाई दी। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर पैदल फरार हो गए। घायल पिंटू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पिंटू के पिता नेपाली साव ने बताया कि अंधेरे और सन्नाटे के कारण किसी को कुछ समझ नहीं आया। जब पिंटू की चीख सुनाई दी तब लोग उसकी दुकान की तरफ दौड़े। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में तीन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में पुलिस अवैध शराब कारोबार और पुराने आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।