पटना न्यूज डेस्क: सेवती गांव में रविवार दोपहर जमीन विवाद को सुलझाने के लिए चली पंचायत अचानक हिंसक हो गई। पंचायत के दौरान दो पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी में एक पक्ष के दारोगा मनोज सिंह, उनके पुत्र सावन कुमार और भतीजा रोहित कुमार घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। रोहित की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से 12 खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। मसौढ़ी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी कन्हैया सिंह के अनुसार, पंचायत के दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने फायरिंग की। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के थानों की पुलिस भी गांव में तैनात कर दी गई है और पुलिस गांव में गश्ती कर रही है। थानाध्यक्ष शुभेन्द्र कुमार ने बताया कि अब तक चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दारोगा मनोज सिंह छपरा के नया गांव के निवासी हैं, लेकिन उनका ससुराल धनरुआ के सेवती गांव में है। वहीं, जमीन विवाद के दूसरे पक्ष के बिंदेश्वरी राम तेतरी गांव के रहने वाले हैं। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराने दिनों से तनाव चला आ रहा है। रविवार को पंचायत के दौरान कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि करीब आठ से दस लोग वहां पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी से पंचायत में आए लोग इधर-उधर भाग गए।
जानकारी के अनुसार यह जमीन विवाद लगभग 10 बीघा जमीन को लेकर चल रहा है, जिसमें कई लोग कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। जमीन के आधा दर्जन पट्टेदार हैं, जिनकी तीन बेटियां हैं और जमीन उनके दामाद को मिली है। मनोज सिंह भी इन्हीं दामादों में से एक हैं। दूसरी ओर, तेतरी गांव के बिंदेश्वरी राम सहित कुछ लोग खतियान दिखाकर इस जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, जिनके साथ कई भू माफिया भी जुड़े हुए हैं। मनोज सिंह अपने पुत्र सावन की शादी के बाद जमीन विवाद सुलझाने सेवा गांव पहुंचे थे, तभी यह हिंसा हुई।