पटना न्यूज डेस्क: पटना जिले के भदौर थाना क्षेत्र के लालपुरा गांव में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि गांव के ही श्याम सुंदर महतो ने मां की गोद में खेल रहे 3 साल के बच्चे पर लोहे की नुकीली कुंडी से हमला कर दिया। वार बच्चे की गर्दन पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 10 बजे राजेश महतो का छोटा बेटा चिंटू कुमार अपनी मां की गोद में था। इसी दौरान श्याम सुंदर महतो वहां पहुंचा और अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। उसने बोड़ा उठाने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की कुंडी से बच्चे की गर्दन पर वार किया। गंभीर चोट लगने के बाद परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत के बाद उसके माता-पिता और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद लालपुरा गांव में मातम का माहौल है। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही भदौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्याम सुंदर महतो को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चे पर हमला करने की वजह क्या थी और कहीं इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।