ताजा खबर

खगौल में 10वीं की छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता, रेलवे ट्रैक के पास मिला बैग और ड्रेस

Photo Source : Google

Posted On:Tuesday, August 11, 2026

पटना न्यूज डेस्क: पटना से सटे खगौल में सोमवार को 10वीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। छात्रा सुबह अपने चाचा के साथ रेलवे कॉलोनी स्थित स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद रेलवे ट्रैक के पास उसका स्कूल ड्रेस और बैग मिला, जिसके बाद परिवार ने अपहरण की आशंका जताई है।

परिजनों के मुताबिक, छात्रा को सुबह करीब 7:30 बजे उसके चाचा स्कूल छोड़कर आए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे छुट्टी होने के बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान स्कूल से करीब 700 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास छात्रा का बैग और स्कूल ड्रेस मिला। मौके पर झाझा-मेमो ट्रेन भी खड़ी थी।

जानकारी सामने आने के बाद परिवार के लोग प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए जीआरपी और खगौल थाने पहुंचे। पुलिस की ओर से कथित देरी से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने में हंगामा किया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने बिहटा-खगौल रोड करीब पांच घंटे तक जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खगौल, दानापुर और फुलवारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सिटी एसपी के निर्देश पर खगौल थाने में छात्रा के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई। पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें छात्रा की तलाश में जुटी हैं। डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छुट्टी के बाद छात्रा अपनी एक सहेली के साथ स्कूल से निकली थी। सहेली का घर रेलवे ट्रैक से पहले पड़ता है। सहेली के घर जाने के बाद छात्रा वहां से अकेले अपने घर के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह कहां गई, इसका पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने स्कूल से लेकर छात्रा के घर तक के रास्ते और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में छात्रा दोपहर करीब 1:30 बजे सहेली के साथ स्कूल से निकलती दिखाई दी है। इसके बाद की गतिविधियों का कोई स्पष्ट फुटेज पुलिस को अभी नहीं मिला है। पुलिस छात्रा की सहेली और स्कूल के प्रिंसिपल समेत अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

सिटी एसपी (पश्चिमी) साकेत कुमार ने बताया कि छात्रा के लापता होने की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रही है। डॉग स्क्वायड की टीम भी छात्रा की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि छात्रा को जल्द खोजने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.