पटना न्यूज डेस्क: पटना सिटी के भगवानगंज मुख्य बाजार स्थित चांदनी अलंकार ज्वेलरी शॉप में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 10 अपराधी रात करीब 1:30 बजे घर के पीछे से सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर घुस गए। बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और ज्वेलरी कारोबारी दीपक सोनी से दुकान की तिजोरी खुलवाई। इसके बाद वे सोने-चांदी के गहने, मोबाइल और बाइक लेकर फरार हो गए।
पीड़ित दीपक सोनी के अनुसार, बदमाश तिजोरी से करीब 200 से 250 ग्राम सोने के गहने और लगभग 15 किलो चांदी के आभूषण लूट ले गए। इसके अलावा घर की महिलाओं के पहने हुए गहने और अलमारी में रखे जेवर भी अपने साथ ले गए। परिजनों का दावा है कि लूटे गए गहनों की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।
वारदात के बाद अपराधी कारोबारी की बाइक भी साथ ले गए, जिसे बाद में जहानाबाद से बरामद कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही भगवानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।