पटना न्यूज डेस्क: लोक आस्था के महापर्व छठ पर सात और आठ नवंबर को पटना समेत अन्य जिलों में सुबह के वक्त हल्की धुंध रहने का अनुमान है। मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन प्रदेश के 13 जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।
छठ पर्व के लिए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया है कि पूर्णिया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण, दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर, वैशाली, सीतामढ़ी, किशनगंज, सिवान, और लखीसराय जिलों में हल्का कोहरा देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त पुरवा हवा के कारण पटना सहित अन्य जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। आठ और नौ नवंबर को राज्य के उत्तरी हिस्सों के कुछ जिलों में घने बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान में फिलहाल कोई विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है।
सोमवार को पटना समेत 18 जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई, जिसमें पटना का तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गोपालगंज में 33.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ। वहीं, पटना सहित 17 जिलों के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। पटना का न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस और किशनगंज में 19.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।