पटना न्यूज डेस्क: पटना एयरपोर्ट से एक और तकनीकी खराबी का मामला सामने आया है, जहां सोमवार को इंडिगो की फ्लाइट में गड़बड़ी आई। यह फ्लाइट पटना से चेन्नई जाने के लिए तैयार थी, लेकिन विमान संख्या 6E597 में टायर पंक्चर और कुछ अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण उड़ान में देरी हुई। इस दौरान बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भी सवार थे।
टेक्निकल टीम ने तुरंत काम करके समस्या को हल किया, जिसके बाद फ्लाइट चेन्नई के लिए उड़ान भर सकी। विमान में क्रू मेंबर समेत 175 लोग सवार थे। राज्यपाल आर्लेकर के अलावा अन्य यात्री भी देरी से यात्रा पर निकल सके।
यह इंडिगो की फ्लाइट में पिछले 10 दिनों में तीसरी बार तकनीकी खराबी का मामला है। इससे पहले, जब राज्यपाल चंडीगढ़ जा रहे थे, तब भी ऐसी ही समस्या आई थी, और उन्हें ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ा था।