पटना न्यूज डेस्क: मध्य प्रदेश की सिंगरौली की रहने वाली 23 वर्षीय युवती, जो कोचिंग के लिए पटना आई थी, नौकरी की तलाश में दलालों के जाल में फंस गई और जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेल दी गई। किशनगंज के रेड लाइट एरिया से आधे अधूरे कपड़ों में भागकर युवती ने अपनी रूह कंपाने वाली कहानी पुलिस को सुनाई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन और लड़कियों को इसी धंधे से मुक्त कराया।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह एक महीने पहले कोचिंग के लिए पटना आई थी और पढ़ाई के साथ-साथ जरूरी खर्च के लिए काम करना चाहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात दो लड़कियों से हुई, जिन्होंने काम दिलाने के नाम पर उसे बहादुरगंज के प्रेम नगर रेडलाइट एरिया भेज दिया। वहां उसे जबरन इस अवैध धंधे में धकेल दिया गया और प्रतिदिन कई लोगों के सामने परोसा जाने लगा।
गुरुवार की रात युवती ने अर्धनग्न अवस्था में किसी तरह भागकर बहादुरगंज मुख्य मार्ग एनएच 327 स्थित आर हुसैन चौक पर पहुंची और स्थानीय लोगों को अपनी आपबीती बताई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम नगर रेडलाइट एरिया में यह अवैध धंधा कई वर्षों से जारी है।