पटना न्यूज डेस्क: पटना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चाय की दुकान की आड़ में चल रहे ड्रग्स कारोबार का पर्दाफाश किया है। मनेर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल मोड़ के पास स्थित एक चाय दुकान से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद की गई है। इस कार्रवाई में एक ही परिवार के छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक चाय दुकान से नशे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने भेष बदलकर दुकान पर पहुंचकर मादक पदार्थ खरीदे। पुष्टि होते ही पुलिस ने दुकान और उससे जुड़े ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्मैक और चरस बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही मौके से 12 लाख रुपये से अधिक नकद, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, कई मोबाइल फोन और सोने के आभूषण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कारोबार लंबे समय से चल रहा था और चाय दुकान को ढाल के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।
गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में शुभम और पीयूष को इस ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के तार सिर्फ पटना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नेपाल और अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।