पटना न्यूज डेस्क: पटना से सटे बाढ़ के पंडारक दियारा इलाके में सोमवार दोपहर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश धीरज कुमार (30) के पैर में गोली लग गई। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके से घायल धीरज समेत पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मौके से दो राइफल, एक बंदूक, एक रिवॉल्वर, 59 जिंदा कारतूस और कई खोखे बरामद किए गए हैं। धीरज कुमार पर कदमकुआं और भदौर थानों में आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले समेत कई मामले दर्ज हैं।
घायल धीरज को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली उसके बाएं पैर के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई। वहीं, नाकाबंदी के दौरान उबड़-खाबड़ खेतों में गिरने से कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र में हथियारबंद अपराधी जबरन सरसों की फसल काटने के लिए जमा हुए हैं और दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर तनाव है। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने भागने के दौरान करीब 30 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसी मुठभेड़ में धीरज घायल हो गया, जबकि चार अन्य अपराधियों ने सरेंडर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, परिजनों का दावा है कि धीरज खेत देखने गया था और वह अपराधी प्रवृत्ति का नहीं है, जबकि पुलिस उसे कुख्यात बता रही है।