उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'उत्तराखंड महोत्सव' के उद्घाटन समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। सीएम योगी ने अखिलेश यादव के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई जिसमें कथित तौर पर उत्तराखंड के लोगों को 'घुसपैठिया' कहा गया था। मुख्यमंत्री ने इसे एक बेहद संकुचित और छोटी सोच करार देते हुए कहा कि जो लोग पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ते हैं, वे आज देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ जहर उगल रहे हैं।
संबोधन के दौरान सीएम योगी ने इतिहास और भौगोलिक महत्व को याद दिलाते हुए अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से ही ताल्लुक रखते थे। मुख्यमंत्री ने आगे कड़े शब्दों में कहा, "मैंने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो आप सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।" इसके साथ ही उन्होंने माँ गंगा, यमुना और सरयू जैसी पवित्र नदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि ये सभी नदियाँ भी उत्तराखंड से ही प्रवाहित होकर उत्तर प्रदेश और देश को जीवन देती हैं, ऐसे में वहाँ के लोगों के प्रति ऐसी अभद्र टिप्पणी करना बेहद शर्मनाक है।