मुंबई: नागपुर में सोमवार से शुरू होने जा रहे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) के सुपर लीग चरण में श्रेयस अय्यर मुंबई की टीम से जुड़ेंगे। टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभालेंगे, जिन्होंने ग्रुप चरण में भी कप्तानी की थी। ग्रुप डी में मुंबई ने सात में से छह मुकाबले जीतकर विदर्भ के साथ अगले चरण में जगह बनाई है।
न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के दौरे से लौटने के बाद अय्यर पहली बार मैदान पर उतरेंगे। उन्होंने भारत को टी-20 श्रृंखला में 3-2 से जीत दिलाई थी और वनडे श्रृंखला के आखिरी दो मैचों में भी कप्तानी की थी, जिसे भारत ने 3-1 से जीता। अय्यर के आने से अंगकृष रघुवंशी, मुशीर खान, सरफराज खान, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे से सजी मुंबई की बल्लेबाजी और मजबूत होगी, जबकि हार्दिक तमोरे को निचले मध्य क्रम में उतरना पड़ सकता है।
क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में अभ्यास कर रहे अय्यर रविवार को टीम के साथ नागपुर रवाना होंगे। सुपर लीग में मुंबई के मुकाबले आंध्रा (30 नवंबर), पंजाब (2 दिसंबर) और राजस्थान (4 दिसंबर) के खिलाफ हैं, जबकि फाइनल छह दिसंबर को खेला जाएगा। दो बार की चैंपियन मुंबई ने पिछला खिताब 2024-25 में मध्य प्रदेश को हराकर जीता था।